खगड़िया39 मिनट पहले
घटनास्थल पर लगी भीड़।
खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र के एकानिया ढाला के पास सड़क हादसा में 2 लोगों की मौत हो गई है। जबकि इस घटना में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। घटना गुरुवार अहले सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान बेलदौर थाना क्षेत्र के तेलिहार निवासी अनिल मुनि की 45 वर्षीय पत्नी सविता देवी और चौथम थाना क्षेत्र के करूआ मोड़ वार्ड 18 निवासी रामखेलावन सिंह के 60 वर्षीय पुत्र तारणी सिंह के रूप में हुई है।
वहीं घायलों की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के करूआ मोड़ वार्ड 18 निवासी दुर्देब मुनि के 18 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार, दुखे मुनि की 45 वर्षीय पत्नी रेणु देवी, ओमप्रकाश मुनि के 13 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार, उनकी 50 वर्षीय पत्नी रवि देवी, सोनेलाल मुनि के 45 वर्षीय पुत्र विपत मुनि, धोधय मुनि के 65 वर्षीय पुत्र मुसीद मुनि और लालबहादुर मुनि की 18 वर्षीय बेटी प्रतिमा कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग लखीसराय जिले से मजदूरी कर वापस खगड़िया लौट रहे थे।
ट्रक ने पिकअप को पीछे से मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि सभी लोग गुरुवार अहले सुबह लखीसराय जिले के बहियार टोल से मजदूरी कर लौट रहे थे। घटनास्थल से प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो पिकअप वाहन जैसे ही मानसी थाना क्षेत्र के एकानिया ढाला के पास पहुंची कि तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे पीछे से जोड़ता टक्कर मार दिया। जिससे पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं घटना के बाद मानसी थाना पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेजा गया है।