
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को देश के सर्वोच्च पद की शपथ लेने जा रही हैं। इसी के साथ ही वह देश की सबसे युवा और पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बन जाएंगी। इधर, उत्तर प्रदेश में बड़ी सियासी उथल पुथल के आसार हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी से जुड़ सकते हैं। जानते हैं देश-दुनिया की बड़ी खबरें…
सपा से आजाद हुए ओमप्रकाश राजभर बन सकते हैं योगी सरकार का हिस्सा! अटकलें तेज
आरोप-प्रत्यारोप, कटाक्ष के लंबे दौर के बाद सपा गठबंधन से आजाद हुए सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के अगले कदम को लेकर तमाम अटकलें लगाई जा रही हैं। बसपा के साथ जाने के उनके बयान को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इसके उलट यह कयासबाजी तेज हो गई है कि राजभर भाजपा से ही जुड़ेंगे। वर्ष 2024 आमचुनाव से पहले प्रदेश में वह सत्ता में भागीदारी पा सकते हैं।
ऋषि सुनक ने चीन को बताया ‘नंबर वन खतरा’, बोले- ब्रिटेन का पीएम बनने पर लूंगा सख्त एक्शन
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की रेस में शामिल ऋषि सुनक ने चीन पर सख्त होने का वादा किया है। रविवार को उन्होंने एशियाई महाशक्ति को घरेलू और वैश्विक सुरक्षा के लिए ‘नंबर वन खतरा’ बताया। दरअसल, सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी की लिज ट्रस ने उन पर चीन और रूस पर कमजोर होने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में सुनक का यह बयान आया है।
द्रौपदी मुर्मू आज लेंगी पद की शपथ, भारत को मिलेगा सबसे युवा राष्ट्रपति
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमण उन्हें 15वीं राष्ट्रपति के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उसके बाद नई राष्ट्रपति को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। फिर राष्ट्रपति का संबोधन होगा। राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में मुर्मू ने विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर जीत हासिल की है। वह आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र राष्ट्रपति होंगी।
LDF को तोड़कर UDF बढ़ाएगी कांग्रेस, केरल में रुठे और बिछड़े दलों को जोड़ने की तैयारी
केरल में कांग्रेस का नवसंकल्प चिंतन शिविर आयोजित हुआ। इस दौरान पार्टी ने यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के विस्तार की योजना बनाई है। कांग्रेस गठबंधन में पहले शामिल रहीं पार्टियों को वापस लाने की तैयारी कर रही है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने राज्य में सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) पर सवाल उठाए और केंद्र के साथ सांठगांठ के आरोप लगाए।
एंटी ड्रोन सिस्टम से लैस होगा लालकिला, खुफिया एजेंसी को मिला आतंकी अलर्ट; 14 कमांडो वाहन पराक्रम तैनात
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आतंकी संगठनों द्वारा बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे होने का खुफिया अलर्ट मिलने के बाद पुलिस ने भी सुरक्षा के चौकस इंतजाम शुरू कर दिए हैं। इस बार अलर्ट में खासतौर से आकाश मार्ग से खतरा बताया गया है। इसे ध्यान में रखते हुए सेना के हेलीकॉप्टर पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो टीम सुरक्षा की कमान संभालेगी। वहीं आसमान को सुरक्षित करने के लिए एंटी-ड्रोन डिटेक्शन सिस्टम की लालकिले पर तैनाती की जाएगी।