- Hindi News
- Local
- Bihar
- Bihar Weather Latest News; Temperature Consteent In Next Five Days; Bihar Bhaskar Latest News
पटना8 मिनट पहले
बिहार का मौसम दो दिशा से चल रही हवा के कारण आंख मिचौली वाला है। पूर्वी हवा जहां ह्यूमिडिटी बढ़ा रही है। वहीं पछुआ हवा के प्रभाव से गर्मी सता रही है। भागलपुर और गंगा से सटे बिहार के पूर्वी इलाकों में जहां मौसम थोड़ा राहत देने वाला है, वहीं पटना सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान से आग बरसने जैसे हालात हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले 4 से 5 दिनों तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। इस दौरान रात और दिन के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन हवाओं का असर साफ दिखाई देगा।
7 किलो मीटर की रफ्तार से हवा
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सतह से 1.5 किमी उपर तक पछुआ हवा का प्रवाह हो रहा है। इसकी गति 5 से 7 किमी प्रति घंटे की है। पछुआ हवा की रफ्तार के बाद भी पूर्वी हवा के प्रभाव से गंगा से सटे पूर्वी इलाकाें में धुंध जैसा मौसम बना हुआ है। भागलपुर और गंगा से सटे अन्य क्षेत्रों में कोहरा जैसे हालात हो गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 3 दिनों से पूर्वी हवा के प्रभाव के कारण गंगा से सटे बिहार के पूर्वी इलाकों में ऐसे मौसम बन रहे हैं।
हालांकि इन इलाकों में ऐसे मौसम के बाद भी गर्मी से बहुत राहत नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दो से तीन दिनों में पश्चिमी हवा के प्रभाव के साथ धुंध और कोहरे का मौसम भी बदल जाएगा। पूर्वानुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम स्थिर बना रहेगा। लेकिन गर्मी कम नहीं होगी क्योंकि राज्य का तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 5 दिनों तक राज्य में पूर्वी और पश्चिमी हवा का प्रभाव रहेगा। इसके बाद मौसम में पश्चिमी हवा के प्रभाव से गर्मी बढ़ेगी।
औरंगाबाद में रही राहत, बांका में आफत
मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे में गर्मी से औरंगाबाद में काफी राहत रही। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान औरंगाबाद में 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा, दिन और रात के तापमान में कोई खास बदलाव भी नहीं देखने को मिला है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री औरंगाबाद में रहा और सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री बांका में दर्ज किया गया।
वहीं पटना का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। पटना में पारा 40 डिग्री के आस पास रह रहा है जिससे मौसम पूरी तरह से गर्म है। इस कारण से काफी परेशानी हो रही है। अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य का तापमान सामान्य से 4 डिग्री से अधिक होने के कारण गर्मी और सताने वाली होगी।